Thu, 30 Jul 2026
Post Details

पंजाब में हाईवे पर भीषण हादसा, ट्राले से टकराई टेंपो ट्रैवलर; 4 श्रद्धालुओं की मौत

पंजाब के बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से पीछे से टकरा गई। सभी घायलों को इलाज के लिए बठिंडा स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

राजस्थान से अमरनाथ यात्रा पर जा रहे थे श्रद्धालु
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में सवार 11 से 12 श्रद्धालु राजस्थान से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब वाहन बठिंडा के डाबा जोर गांव, जोधपुर रोमाना और गुरुसर सानेवाला के बीच पहुंचा, तभी सड़क किनारे पहले से खड़े एक ट्राले से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण कि टेंपो ट्रैवलर के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि टेंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा करीब 3 से 4 फीट तक अंदर की ओर पिचक गया। टक्कर के बाद वाहन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों का AIIMS में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत बठिंडा एम्स पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186622