Thu, 30 Jul 2026
Post Details

दिल्ली जा रही फॉर्च्यूनर डिवाइडर से टकराकर पलटी, मोहाली में दो लोगों की मौत

मोहाली के आईटीआई चौक के पास शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली जा रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार के सामने अचानक एक आवारा पशु आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में लुधियाना निवासी 23 वर्षीय जिम संचालक मनजोत सिंह और चालक रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग सुरक्षित बच गए।

दोस्त और सुरक्षा गार्ड के साथ दिल्ली जा रहे थे मनजोत

पुलिस को दी गई जानकारी में मृतक मनजोत सिंह के पिता अमरपाल सिंह ने बताया कि उनका बेटा गुरुवार रात करीब 11:45 बजे अपने दोस्त आकाश वर्मा, सुरक्षा गार्ड राजीव कुमार पांडे और चालक रवि कुमार के साथ फॉर्च्यूनर कार में दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।

आवारा पशु को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

शुक्रवार सुबह जब कार आईटीआई चौक के पास पहुंची तो अचानक एक आवारा पशु सड़क पर आ गया। चालक ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मनजोत सिंह और चालक रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे में मनजोत के दोस्त आकाश वर्मा को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सुरक्षा गार्ड राजीव कुमार पांडे पूरी तरह सुरक्षित हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186571