Thu, 30 Jul 2026
Post Details

जालंधर में 3 दोस्तों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत और तीसरा गंभीर घायल

जालंधर-मोगा नेशनल हाईवे पर गांव लदड़ा अड्डे के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मलसियां से नकोदर आ रहे बाइक सवार तीन दोस्तों की बाइक पराली से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में 16 वर्षीय हरजोत सिंह और 23 वर्षीय गुरदीप सिंह की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय हरदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल हरदीप सिंह को तुरंत नकोदर के अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जालंधर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बिना देखे हाईवे पर ट्रॉली चढ़ाने का आरोप
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने कथित तौर पर बिना पीछे से आ रहे वाहनों को देखे ट्रॉली हाईवे पर चढ़ा दी। इसी दौरान बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही जान चली गई। जबकि जख्मी हालत में तीसरे को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका ईलाज चल रहा है।

12वीं का छात्र था हरजोत, 10 दिन बाद UK जाना था गुरदीप
हादसे में जान गंवाने वाला हरजोत सिंह 12वीं कक्षा का छात्र था। वहीं, गुरदीप सिंह को महज 10 दिन बाद यूके जाना था और उसका वीजा भी क्लियर हो चुका था। बताया जा रहा है कि तीनों युवक अच्छे दोस्त और सहपाठी होने के साथ कबड्डी खिलाड़ी भी थे।

भाग रहे ट्रैक्टर चालक को राहगीरों ने पकड़ा
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों युवकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नकोदर में रखवा दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186571