Thu, 30 Jul 2026
Post Details

पंजाब में सोते हुए परिवार पर गिरी छत, इकलौते बेटे समेत मां की गई जान

पंजाब में मानसून के दौरान बठिंडा जिले के तलवंडी साबो में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के बीच एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे कमरे में सो रहा पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। हादसे में मां और उसके इकलौते बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार की दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।

तेज धमाके के साथ गिरी छत, लोगों ने चलाया राहत अभियान
पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे हुआ। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे परिवार को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 40 वर्षीय वीरपाल कौर और उनके 14 वर्षीय बेटे अर्शदीप सिंह को मृत घोषित कर दिया।

दो बेटियों की हालत गंभीर, एक ने 12वीं में हासिल किए थे 95 फीसदी अंक
हादसे में घायल समनप्रीत कौर और खुशप्रीत कौर का अस्पताल में इलाज जारी है। समनप्रीत की टांग टूट गई है, जबकि खुशप्रीत के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। समनप्रीत पढ़ाई में बेहद मेधावी छात्रा है। वह लगातार नौ वर्षों तक अपनी कक्षा में प्रथम स्थान हासिल करती रही है और हाल ही में 12वीं की परीक्षा 95 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी।

जर्जर मकान और बारिश बनी हादसे की वजह
मृतका के पति धर्म सिंह उर्फ काला तलवंडी साबो स्थित एक निजी सीवरेज प्लांट में काम करते हैं। अर्शदीप परिवार का इकलौता बेटा था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मकान काफी पुराना और जर्जर था। लगातार हो रही बारिश के कारण इसकी संरचना और कमजोर हो गई, जिससे छत ढह गई और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186572