Thu, 30 Jul 2026
Post Details

फतेहगढ़ साहिब में सनसनी: बेअदबी केस के आरोपी की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 6 साल पुराने बेअदबी मामले के आरोपी की नकाबपोश हमलावरों ने आधी रात को घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान मेवा सिंह के रूप में हुई है, जो मंडी गोबिंदगढ़ के गांव लाडपुर तूरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में हुए बेअदबी के मामले में आरोपी था और 7 महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।

आधी रात घर में घुसे थे हमलावर
मृतक की बेटी ने बताया कि आधी रात को कुछ नकाबपोश हमलावर घर में घुस आए और तेजधार हथियारों से मेवा सिंह पर हमला कर दिया। पिता की चीखें सुनकर वह और उसकी मां जाग गए। बेटी ने भावुक होते हुए बताया कि उसके पिता 'मैनूं बचा लो, मैनूं मारता' चिल्ला रहे थे।

जब उन्होंने डंडे लेकर पिता को बचाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद जान बचाने के लिए उन्होंने कमरे को अंदर से कुंडी लगा ली और पड़ोसियों को मदद के लिए फोन किया। पड़ोसियों के शोर मचाते ही हमलावर दीवार फांदकर फरार हो गए।

घर के अंदर चारों तरफ फैला हुआ था खून
वारदात के बाद घर के भीतर का दृश्य भयावह था, हर तरफ खून फैला हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और हत्या के पीछे के असल कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल, इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस द्वारा हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186590