Thu, 30 Jul 2026
Post Details

सिक्किम में दर्दनाक हादसा, लैंडस्लाइड से 27 मजदूर फंसे, 8 की मौत

सिक्किम के नामची जिले के मामरिंग स्थित समरदुंग सुरंग में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान सुरंग के प्रवेश द्वार पर लैंडस्लाइड होने से एंट्री पूरी तरह बंद हो गई, जिसके चलते अंदर काम कर रहे 27 मजदूरों के फंसने की आशंका है। अब तक 8 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बाकी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

फंसे मजदूरों की संख्या को लेकर संशय
जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों की संख्या 27 से कम या अधिक भी हो सकती है। प्रशासन लगातार मजदूरों की सही संख्या का पता लगाने और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।

मीथेन गैस रिसाव से रेस्क्यू अभियान हुआ चुनौतीपूर्ण
सुरंग के भीतर मीथेन गैस रिसाव की आशंका ने बचाव अभियान को और अधिक कठिन बना दिया है। गैस के प्रभाव के कारण कई बचावकर्मियों को अंदर जाते समय चक्कर आए, जबकि कुछ बेहोश भी हो गए। इसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके पर
जिला प्रशासन के अनुसार, दोपहर करीब 3:40 बजे हादसे की सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों से लैस विशेष रेस्क्यू टीम भी बुलाई गई है ताकि सुरंग के भीतर सुरक्षित तरीके से पहुंचा जा सके।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 186572