Thu, 30 Jul 2026
Post Details

पंजाब में एटीएम से 29 लाख की बड़ी लूट, पुलिस ने बैंक प्रबंधन को ठहराया जिम्मेदार

पंजाब के फगवाड़ा में खजूरलां गांव के पास चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए एसबीआई (SBI) के एटीएम को अपना निशाना बनाया। लुटेरे एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखे 29 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी भारत भूषण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

बैंक की बड़ी लापरवाही आई सामने

डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि इस लूट के पीछे बैंक की गंभीर लापरवाही सामने आई है। पुलिस द्वारा बार-बार लिखित निर्देश दिए जाने के बावजूद बैंक ने एटीएम पर कोई सिक्योरिटी गार्ड तैनात नहीं किया था। इतना ही नहीं, बैंक की एएमसी (AMC) भी 1 तारीख से बंद पड़ी है, जिसके कारण सुरक्षा तंत्र पूरी तरह फेल साबित हुआ।

सीसीटीवी फुटेज देने में बैंक की आनाकानी

हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात होने के बाद भी बैंक अधिकारियों ने अब तक पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मुहैया नहीं करवाई है। डीएसपी ने कहा कि बैंक प्रबंधन इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है, इसलिए अब बैंक के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को सिफारिश भेजी जाएगी।

सरपंच के बयान पर मामला दर्ज

चूंकि बैंक अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान दर्ज नहीं कराया गया है, इसलिए पुलिस ने गांव के सरपंच के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया गया है और एटीएम को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक जांच के बाद ही लुटेरों के सुराग मिलने की उम्मीद है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 187119