Thu, 30 Jul 2026
Post Details

मोहाली में प्रवासियों ने युवक की चाकू मारकर की हत्या, मंदिर से घर लौट रहा था मृतक

मोहाली में महाशिवरात्रि की रात एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां मंदिर से दर्शन कर लौट रहे 27 वर्षीय युवक गुरसेवक की किरच मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है।

रास्ता खाली करने को कहने पर हुआ विवाद
मृतक के पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे गुरसेवक के साथ शिव मंदिर से माथा टेक कर घर लौट रहे थे। रास्ते में कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे। जब गुरसेवक ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा तो आरोपी बहस करने लगे और गाली-गलौज पर उतर आए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि हमलावरों ने किरच निकालकर गुरसेवक पर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

अस्पताल के बाहर परिजनों का जोरदार प्रदर्शन
गुरसेवक की मौत की खबर मिलते ही गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने वारदात के तुरंत बाद एक हमलावर को खुद पकड़ लिया था, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया। पीड़ित परिवार का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस ने उनकी एक न सुनी।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 187168