Thu, 30 Jul 2026
Post Details

पंजाब में निशाने पर सरपंच, अब मोगा के सरपंच की गोलियां मारकर हत्या

मोगा के बाघापुराना इलाके में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे अज्ञात हमलावरों ने जिम मालिक और पत्तो गांव के सरपंच हरपिंदर सिंह उर्फ हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
मिली जानकारी के अनुसार हरपिंदर सिंह हैप्पी शुक्रवार सुबह अपनी थार गाड़ी से जिम पहुंचे थे। जैसे ही वह वाहन से नीचे उतरे, उसी दौरान फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार 4 से 5 हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में उन्हें करीब 6 से 7 गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

पहले भी मिल चुकी थीं जान से मारने की धमकियां
बताया जा रहा है कि हरपिंदर सिंह को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। सुरक्षा के चलते उन्होंने कुछ समय पहले एक बुलेटप्रूफ कार भी खरीदी थी। हालांकि घटना वाले दिन वह अपनी दूसरी गाड़ी से जिम पहुंचे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और बाद में उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी, हमलावरों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे इलाके में जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 187156