Thu, 30 Jul 2026
Post Details

अमृतसर पुरानी रंजिश में व्यक्ति का गोलियां मारकर हत्या, 4 मासूमों के सिर से छीना पिता का साया

अमृतसर के भुल्लर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 33 वर्षीय मनजीत सिंह के रूप में हुई है, जो शादीशुदा था और चार बच्चों का पिता था। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मनजीत सिंह अपनी कार में बैठा हुआ था, जो एक चिकन शॉप के पास खड़ी थी। इसी दौरान अचानक मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और उन्होंने मनजीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब चार राउंड फायर किए, जिनमें से तीन गोलियां मनजीत सिंह को लगीं। गंभीर चोटों के चलते उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस हत्या के पीछे पुरानी दुश्मनी का मामला सामने आ रहा है। जानकारी के अनुसार साल 2024 में मनजीत सिंह और दूसरे पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद धारा 452 के तहत केस भी दर्ज किया गया था। उसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से गोलियों के खोल बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 187071