Thu, 30 Jul 2026
Post Details

BREAKING : चंडीगढ़ में टू-व्हीलर और कारों के लिए पेट्रोल-डीजल की सीमा तय

चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई को लेकर नया नियम लागू किया गया है। अब शहर के पेट्रोल पंपों पर टू-व्हीलर वाहनों में एक बार में अधिकतम 500 रुपए और फोर-व्हीलर वाहनों में 1500 रुपए तक का ही पेट्रोल या डीजल भरा जाएगा। इस फैसले को लेकर कई पेट्रोल पंपों पर नोटिस और पोस्टर भी लगाए गए हैं।

कम सप्लाई के चलते लिया गया फैसला
सेक्टर-17 स्थित एचजी पेट्रो केयर पेट्रोल पंप पर इस संबंधी सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। पेट्रोल पंप के कर्मचारी उजगार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से पेट्रोल और डीजल की सप्लाई कम मिल रही है। ऐसे में यह कोशिश की जा रही है कि सभी ग्राहकों तक ईंधन पहुंच सके और किसी को परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि यह फैसला सोमवार से लागू कर दिया गया है और सुबह से ही तय सीमा के अनुसार लोगों को पेट्रोल और डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

लोगों ने फैसले को बताया सही
पेट्रोल भरवाने पहुंचे राजेश शर्मा ने इस फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि गाड़ियों में सीमित मात्रा में पेट्रोल डाला जाएगा तो लोग जरूरत के अनुसार ही वाहन का इस्तेमाल करेंगे। उनका मानना है कि इससे ईंधन की बचत होगी और सभी लोगों को आसानी से पेट्रोल-डीजल मिल सकेगा।

शहर में चर्चा का विषय बना फैसला
चंडीगढ़ में पेट्रोल-डीजल भरवाने की सीमा तय होने के बाद यह फैसला शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे सप्लाई संतुलित रखने की दिशा में अहम कदम मान रहे हैं।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 187051