Thu, 30 Jul 2026
Post Details

पहलगाम आतंकी हमले में बड़ा खुलासा, टूरिस्ट गाइड जानते थे आतंकियों के बारे में

NIA की चार्जशीट में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी के मुताबिक इस हमले के पीछे पाकिस्तान का सीधा हाथ था। चार्जशीट में बताया गया है कि हमले का मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी सैफुल्लाह उर्फ सैफुल्लाह साजिद जट्ट उर्फ लंगड़ा था।

पाकिस्तान से आतंकियों को मिल रहे थे निर्देश
NIA के अनुसार साजिद जट्ट पाकिस्तान के लाहौर के कसूर इलाके में रहता है और वही इस पूरे हमले का मुख्य हैंडलर था। जांच में सामने आया कि हमले के दौरान वह लगातार तीनों आतंकियों के संपर्क में था और उन्हें रियल टाइम निर्देश दे रहा था। बैसरन वैली की लोकेशन भी उसी ने आतंकियों को भेजी थी। वारदात के दौरान वह फोन और अन्य माध्यमों से आतंकियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए था।

टूरिस्ट गाइड्स पर भी कार्रवाई
NIA चार्जशीट में यह भी कहा गया है कि टूरिस्ट गाइड परवेज अहमद जोठार और बशीर अहमद जोठार समय रहते सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दे देते तो हमला टाला जा सकता था। दोनों गाइड्स ने आतंकियों को बैसरन इलाके में देखा था, लेकिन इसकी जानकारी किसी एजेंसी को नहीं दी। दोनों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

जांच में यह भी सामने आया कि हमले से एक दिन पहले तीनों आतंकियों ने गाइड परवेज की झोपड़ी में खाना खाया था और जाते समय रोटी-सब्जी भी साथ लेकर गए थे।

ऑपरेशन महादेव में मारे गए आतंकी भी आरोपी
चार्जशीट के अनुसार यह हमला धर्म के आधार पर किया गया टारगेटेड मर्डर था, जिसमें 25 पर्यटकों और एक स्थानीय व्यक्ति की मौत हुई। NIA ने 28 जुलाई को ऑपरेशन महादेव में मारे गए तीन पाकिस्तानी आतंकियों को भी इस मामले में आरोपी बनाया है।

Comments

No comments yet.



Latest News

Number of Visitors - 187045