जालंधर में नकाबपोश हमलावरों ने घर में घुसकर चलाई गोलियां, एक महिला गंभीर रूप से जख्मी
जालंधर के शाहकोट के मंड गांव में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। नकाबपोश हथियारबंद हमलावरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस हमले में गुरजीत कौर नामक महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
नशा और जुए का विरोध करने पर रंजिश का आरोप
घटना की जानकारी देते हुए बुचान कौर ने बताया कि उनके घर के आसपास कुछ लोग कथित तौर पर नशे और जुए के कारोबार में शामिल हैं। परिवार ने जब इसका विरोध किया और उन्हें ऐसा करने से रोका, तभी से आरोपियों ने उनके खिलाफ रंजिश पाल ली।
संबंधित लोग पिछले काफी समय से उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। हालांकि परिवार को इस बात का अंदेशा नहीं था कि आरोपी इस तरह का जानलेवा हमला कर देंगे।
घर में मौजूद था पूरा परिवार
परिजनों के अनुसार, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन हथियारबंद युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे और उनके हाथों में पिस्टल थीं। दो आरोपी हथियार लहराते हुए घर के अंदर घुस गए, जबकि तीसरा युवक बाइक स्टार्ट कर बाहर खड़ा रहा, ताकि वारदात के बाद आरोपी तुरंत फरार हो सकें।
रसोई से बाहर आते ही महिला को मारी गोली
घटना के दौरान बुचान कौर की बेटी गुरजीत कौर, जो अपने मायके आई हुई थी, रसोई में काम कर रही थी। बाहर से गोलियों और शोर की आवाज सुनकर वह जैसे ही आंगन की ओर आई, घर में घुसे हमलावरों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी दाहिनी टांग में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजनों ने उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में पुरानी रंजिश को हमले की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Comments & Discussions
Be the first to comment on this article!