Mon, 15 Jun 2026
Post Details

जालंधर डबल मर्डर केस में नया मोड़, जोगा फोलड़ीवाल के नाम से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा

जालंधर के दशमेश नगर में गोली मारकर की गई दो युवकों की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। इस वारदात में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सिमरनजीत सिंह निवासी अमन नगर मॉडल हाउस और सौरभ निवासी न्यू दशमेश नगर के रूप में हुई थी। अब जेल में बंद गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल के नाम से चल रहे एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर हत्या की जिम्मेदारी लेने संबंधी पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।

सोशल मीडिया पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि जालंधर के दशमेश नगर में हुई सौरभ की हत्या की जिम्मेदारी जोगा फोलड़ीवाल लेता है। पोस्ट में यह भी लिखा गया है कि कुछ समय पहले सुखमन बरार को जेल में हुई कथित हानि का बदला लिया गया है। इसके अलावा पोस्ट में मृतक पप्पू को अपना भाई बताते हुए अन्य साथियों को भी चेतावनी दी गई है। पोस्ट के अंत में "वेट एंड वॉच" लिखकर आगे और कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

आरोपी राजबीर नन्नू से लगातार पूछताछ
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजबीर उर्फ नन्नू से लगातार पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी यह जानने का प्रयास कर रहे हैं कि कहीं हत्या के पीछे गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल का कोई निर्देश या भूमिका तो नहीं थी। हालांकि अब तक आरोपी ने पूछताछ में ऐसी किसी बात की पुष्टि नहीं की है।

इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट और संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की तकनीकी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह सत्यापित किया जा रहा है कि अकाउंट वास्तव में जोगा फोलड़ीवाल का है या फिर किसी अन्य व्यक्ति ने शरारतन यह पोस्ट साझा की है। साइबर टीम भी मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।

वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया 32 बोर का पिस्तौल भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हथियार के अवैध होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह हथियार आरोपी तक कैसे पहुंचा और उसे किसने उपलब्ध कराया।

पुलिस बोली- जांच में अभी गैंगस्टर कनेक्शन की पुष्टि नहीं
एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने कहा कि गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल द्वारा खुद को चर्चित करने के लिए इस तरह की पोस्ट डाली जा सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस जांच में फिलहाल ऐसा कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे हत्या में उसकी प्रत्यक्ष भूमिका साबित होती हो। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Views: 13

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 167201