Mon, 15 Jun 2026
Post Details

कनाडा में शूटआउट से सनसनी, हमलावरों ने ऑफिस में घुसकर पंजाबी युवक पर बरसाईं गोलियां

कनाडा सरे में एक ऑफिस के अंदर काम कर रहे पंजाबी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, हमलावर 76 एवेन्यू स्थित बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर पहुंचे और लॉबी से निकल रहे युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

युवक की मौके पर ही हुई मौत
पुलिस जब तक मौके पर पहुंची, युवक खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था। पुलिस और मेडिकल टीम ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद आसानी से फरार हो गए। पुलिस इस घटना को टारगेट किलिंग मानकर जांच कर रही है। फिलहाल मृतक की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली हत्या की जिम्मेदारी
गैंगस्टर रोहित गोदारा और पवन शौकीन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। रोहित गोदारा ने अपने पोस्ट में मृतक का नाम “सैम कनाडा” बताया और दावा किया कि वह उनके विरोधियों का मुख्य हैंडलर था और उनके खिलाफ साजिशें रच रहा था। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड
जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आने के बाद संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया। इस घटना में सट्टेबाजी, क्रिकेट मैच फिक्सिंग और खालिस्तानी कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और जांच एजेंसियों ने इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी।

Views: 15

Comments & Discussions

Be the first to comment on this article!



Latest News

Number of Visitors - 167180